हलिया। स्थानीय थाना क्षेत्र के सोनगढा गांव के जंगल में शिकारियों की ओर से बिछाए गए विद्युत तार को बुधवार की रात वन विभाग की टीम ने छापेमारी कर बरामद किया है। शिकारी टीम को चकमा देकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए। वन विभाग ने जंगल में बिछाए गए केविल व भारी मात्रा में नंगा तार व एक सबल बरामद किया है। वन विभाग शिकारियों का पता लगाने में जुटी हुई है। वनक्षेत्राधिकारी ड्रमंडगंज वीरेंद्र कुमार तिवारी सोनगढ़ा कंम्पाट नंबर एक में रात्रि में मुखबिर से सूचना मिली कि सोनगढा में जंगली जानवरों के शिकार करने के लिए विद्युत प्रवाहित तार को जंगल में बिछाया गया है। जिस पर वन विभाग की टीम वन रक्षक संजीव पटेल, राजदीप वर्मा, सर्वेश्वर सिंह पटेल को मौके पर भेजा। वन विभाग की टीम को जंगल में पंहुचते ही टार्च की रोशनी को देख जंगल में मौजूद शिकारी अंधेरे का लाभ उठाते हुए भाग गए। टीम ने काफी दूर तक शिकारियों का पीछा किया। लेकिन शिकारी पकड़ से बाहर रहे। सूत्रों की मानें तो एक हफ्ते से शिकारियों द्वारा जंगली जानवरों का शिकार करके उनके मांस, खाल को ऊंचे दामों पर बेचा जा रहा है। दो दिन पहले एक बैल व सूअर की नंगे बिजली तार की चपेट में आने से मौत हो चुकी है। शिकारियों के इस कारनामे से ग्रामीणों में भय व्याप्त है।