हलिया। स्थानीय वन रेंज में जंगली जीव के शिकार के लिए फैलाए गए करीब दो किलोमीटर क्षेत्र में बिजली के तार वन विभाग ने बरामद किए हैं। यह मामला तब नजर में आया जब डीएफओ कैमूर के निर्देशन में बृहस्पतिवार की रात वन क्षेत्राधिकारी प्रेमप्रकाश चौबे, डिप्टी रेंजर रवि दुबे व वन्यजीव रक्षक राणा प्रताप सिंह गस्त पर थे। बृहस्पतिवार की रात वन क्षेत्राधिकारी के मोबाइल पर मुखबिर ने सूचना दी कि कुछ शिकारी जंगली जीव के शिकार के लिए बिजली के तार के साथ जंगलों की तरफ गए हैं। डिप्टी रेंजर व टीम के साथ वन क्षेत्राधिकारी मवईकलां, बसुहरा व बंधैता जंगल की तरफ पहुंचे।
वन अधिकारी बसुवरा से बंधैता तक लगभग दो किलोमीटर क्षेत्र में फैले नंगे बिजली के तार को देख, बात समझते देर नहीं लगी। उन्होंने तत्काल बिजली विभाग से मोबाइल पर संपर्क कर न सिर्फ बिजली कटावाई बल्कि फैले विद्युत तार को अपने कब्जे में लेकर मामले की पड़ताल में जुट गए। बताते चलें कि आए दिन जंगल में शिकारियों की ओर से विद्युत का तार फैलाकर जंगली जीव के चमड़े व मांस की तस्करी आदि की जा रही है। समय-समय पर जंगल में फैले तार तो बरामद किया जाता हैं, लेकिन शिकारी पकड़ से दूर हैं।