तीन अक्तूबर को मुकुट पूजन से शुरू होगी 21 दिवसीय रामलीला
चुनार। श्री राघवेंद्र रामलीला नाट्य समिति के तत्वावधान में तीन अक्तूबर से नगर की अति प्राचीन रामलीला का मंचन शुरू होगा। इससे पूर्व दो अक्तूबर, गांधी जयंती के दिन रामलीला मैदान में ‘हनुमान अंश’ फिल्म रात आठ बजे से बड़े पर्दे पर दिखाई जाएगी। समिति के अध्यक्ष लक्ष्मीकांत पांडेय ने बताया कि तीन अक्तूबर से शुरू होने वाली 21 दिवसीय रामलीला के मंचन की तैयारी जोरों पर चल रही है। रामलीला भवन की रंगाई-पुताई, वस्त्र और शस्त्र की साफ-सफाई के साथ ही मंचन से संबंधित अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने का कार्य चल रहा है। लीला प्रेमियों के सहयोग से नगर में होने वाले 21 दिवसीय रामलीला मंचन को इस वर्ष और अच्छे ढंग से कराने का प्रयास रहेगा। समिति के निदेशक अनिवाश अग्रवाल ने बताया कि रामलीला मंचन से जुड़े पात्रों को नियमित रूप से उनके अभिनय से संबंधित लीला मंचन का पूर्वाभ्यास कराया जा रहा है।
संरक्षक बचाऊ लाल सेठ ने बताया कि लीला से जुड़े सभी पात्र व्यापारी, विभिन्न सरकारी सेवाओं से जुड़े और सेवानिवृत्त स्थानीय लोग हैं, जो दैनिक कार्यों और दायित्वों का निर्वहन करते हुए लीला मंचन में भी अपना सहयोग देते हैं।