विंध्याचल में सड़क की मापी करते पीडब्ल्यूडी के अधिकारी, कर्मचारी।-संवाद।
- पीडब्ल्यूडी ने मोतीझील मार्ग पर की नापजोख, जद में आने वाली संपत्तियों की होगी रजिस्ट्री
विंध्याचल। प्रदेश सरकार की ओर से मां विंध्यवासिनी देवी दरबार में विंध्य कॉरिडोर के निर्माण के साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पहुंच मार्गों का चौड़ीकरण तेज कर दिया गया है। पुरानी वीआईपी मार्ग गेट-1 से मिर्जापुर-प्रयागराज हाईवे तक सड़क को 70 फीट चौड़ा किया जाएगा। इसकी प्रक्रिया शुरू हो गई है।
लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की ओर से इसके तहत सड़क के दोनों किनारों की नापी शुरू कर दी गई है। शुक्रवार शाम विभागीय टीम ने मोतीझील मार्ग पर सड़क किनारे स्थित दुकानों, मकानों और खाली जमीन की मापी कराई। पीडब्ल्यूडी के जेई प्रवीण कुमार चौहान ने बताया कि सड़क चौड़ीकरण के लिए सर्वे की प्रक्रिया जारी है। जद में आने वाले मकानों, दुकानों और जमीनों की जल्द ही रजिस्ट्री कराई जाएगी, ताकि आगे सड़क निर्माण कार्य में कोई बाधा न आए। समय से चौड़ीकरण का काम पूरा कराया जा सके।