मिर्जापुर। पुलिस लाइन स्थित बैरक में बृहस्पतिवार की सुबह झाड़ू लगाते समय सीने में दर्द उठने पर मुख्य आरक्षी को उपचार के लिए मंडलीय अस्पताल की इमरजेंसी में पहुंचाया गया। जहां डाॅक्टर ने मृत घाेषित कर दिया। मुख्य आरक्षी की मौत से पुलिस विभाग में शोक व्याप्त हो गया।
पोस्टमार्टम के बाद पुलिस लाइन परिसर में शोकसभा आयोजित श्रद्धांजलि दी गई। राजकीय सम्मान के साथ श्रद्धांजलि दी गई। पुलिस अधिकारियों ने अर्थी को कंधा दिया। जौनुपर जिले के सिकरारा थाना क्षेत्र के कसनही सेउर गांव निवासी इंदल कुमार 10 जनवरी 2011 को पुलिस विभाग में आरक्षी के पद पर तैनात हुए थे। बृहस्पतिवार को मुख्य आरक्षी इंदल कुमार की बैरक में अपने बेड के पास झाड़ू लगाते समय अचानक तबीयत खराब हो गई। उनके सीने में दर्द उठा था। उन्हें मंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। मुख्य आरक्षी के निधन से पुलिस विभाग में शोक व्याप्त हो गया। इसकी सूचना इंदल कुमार के परिजनो को दी गई। सूचना पर परिवार में कोहराम मच गया। परिजन मिर्जापुर पुलिस लाइन पहुंचे। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस लाइन में राजकीय सम्मान के साथ शोक जताकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। पुलिस अधीक्षक अभिनंदन, एएसपी नक्सल ओपी सिंह, सीओ सदर मंजरी राव, आरआई मनमोहन आदि ने श्रद्धांजलि अर्पित की। पुलिस अधीक्षक और एएसपी ने अर्थी को कंधा दिया।