मिर्जापुर। जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने अधिकारियों को विंध्य काॅरिडोर का निर्माण करा रही कार्यदायी संस्था राजकीय निर्माण निगम से जांच रिपोर्ट प्राप्त कर हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी कराने को कहा है। जिलाधिकारी ने सीएंडडीएस तथा तहसीलदार को हेलीपैड, सेफ हाउस के निर्माण के बाबत जमीन चिह्नित कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने का भी निर्देश दिया है।
जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट सभागार में बृहस्पतिवार को विंध्य तीर्थ विकास परिषद तथा पर्यटन विभाग की तरफ से कराए जा रहे कार्यों में हुई प्रगति की समीक्षा की। विंध्य काॅरिडोर की प्रगति की समीक्षा के दौरान उन्होंने अधिकारियों को राजकीय निर्माण निगम के अधिकारियों से जांच आख्या प्राप्त कर हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कॉरिडोर परिसर में रेंलिंग तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शेड के निर्माण की प्रगति की समीक्षा कर जरूरी निर्देश दिया। बैठक में उन्होंने हेलीपैड, सेफ हाउस के निर्माण तथा भूमि चयन के लिए सीएंडडीएस तथा तहसीलदार सदर को संयुक्त रूप से जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। यह भी कहा कि विंध्याचल मंदिर पहुंचने के चारों प्रमुख मार्गों पर दुकानदारों व मकान मालिकों को दुकान और मकान के सामने ढाई फीट फाइबर शेड अविलंब लगवाने के लिए कहें। शेड लगवाने का खर्च संबंधित दुकानदारों से वसूल किया जाएगा।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने विंध्याचल में रैन बसेरा व छायादार शेड, इंडीग्रेटेड कंट्रोल सेंटर, वृहद अन्न क्षेत्र की सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया। साथ ही अधिकारियों को इसके लिए एक सप्ताह में स्टीमेट तैयार कर प्रस्तुत करने का निर्देश लोक निर्माण विभाग को दिया। इसके अलावा उन्होंने कालीखोह व अष्टभुजा रोपवे पर विकास कार्य, विंध्याचल क्षेत्र में विभिन्न स्थलों पर 11 शौचाललों के निर्माण, दीवान घाट पर सांस्कृतिक मंच आदि के संबंध में भी बैठक में चर्चा की। उन्होंने दीवान घाट, अखाड़ा घाट तथा पक्के घाट पर पाथवे के निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण, शारदीय नवरात्र मेला, कजरी महोत्सव, तीर्थ विकास परिषद के कार्यालय व फर्नीचर आदि के संबंध में चर्चा की।