अहरौरा। वाराणसी-शक्तिनगर राजमार्ग पर बाराडीह स्थित एक एजेंसी के पास बुधवार की सुबह तेज रफ्तार ट्रक ने मैजिक वाहन में टक्कर मार दिया। इस हादसे में मैजिक में सवार 17 लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी भेजवाया। जहां से डॉक्टर ने दो घायलों को ट्राॅमा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया। दुर्घटना के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस टोल प्लाजा के सीसी फुटेज की मदद से ट्रक चालक की तलाश कर रही है।
वाराणसी से 17 सैलानी बुधवार की सुबह मैजिक वाहन पर सवार होकर लखनिया दरी पिकनिक मनाने जा रहे थे। रास्ते में चालक मैजिक लेकर बाराडीह स्थित एक एजेंसी के वर्कशॉप के पास पहुंचा। उसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने ओवरटेक के चक्कर में मैजिक वाहन में टक्कर मार दिया। इस हादसे में मैजिक अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे खड़े पिकअप में जाकर टकरा गई। हादसे के बाद मौके पर जुटे ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मैजिक सवार घायलों को सीएचसी भेजवाया। जहां इलाज के दौरान श्यामबाबू (27) और राजू (26) निवासी कातलपुर चोलापुर वाराणसी की हालत गंभीर देख डॉक्टर ने ट्राॅमा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया। हादसे में घायल वाराणसी निवासी मनीष (22), विपिन (25), गोविंदा (32), आकाश (20), धर्मेंद्र (26), टोनू (23), सुधीर (26), रोहन (21), मनीष (24), सुनील (22), प्रदीप (24), विकास (20), रामअवध (38), कल्लू (32), भोनू उर्फ नीलेश (22) काे इलाज के बाद घर भेज दिया गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क पर से हटवा कर आवागमन सुचारु कराया। थानाध्यक्ष बृजेश सिंह ने बताया कि घायलों काे इलाज करवाकर घर भेेजवा दिया गया है। दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उनको ट्राॅमा सेंटर रेफर किया गया है। ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।