अहमदाबाद से लौट रहे विंध्याचल के तीन यात्रियों को जहर खुरान गिरोह के सदस्यों ने गुरुवार की सुबह इलाहाबाद रेलवे स्टेशन के पास कोई नशीला पदार्थ खिलाकर उनके पास मौजूद हजारों रुपया, मोबाइल तथा बैग लूट ले गए। बेहोश होने पर उन्हें नैनी के पास एक सूनसान स्थान पर लावारिस हालत में फेंक कर भाग निकले। मामले की जानकारी होने पर देर रात पहुंची पुलिस तीनों को स्थानीय पीएचसी ले गई। हालत में सुधार न होने पर तीनों को इलाहाबाद के स्वरूपरानी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। जिसमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
विंध्याचल थाना क्षेत्र के पियरीभीट गांव निवासी प्रमोद 22 वर्ष व सर्वेश 21 वर्ष तथा इसी थाना क्षेत्र के सोनौहा गांव निवासी श्रवण कुमार 18 वर्ष चार माह पूर्व अहमदाबाद के किसी कंपनी में कार्य करने गए थे।
बुधवार को वहां से संघमित्रा एक्सप्रेस ट्रेन पकड़कर गुरुवार को इलाहाबाद रेलवे स्टेशन पर उतरे। वहां से घर आने के लिए पैसेंजर ट्रेन का इंतजार करने लगे। इसी दौरान मिले जहर खुरान गिरोह के सदस्यों ने उसने मेल जोल बढ़ाते हुए उनके घर का पता पूछ लिया।
जानकारी होने पर कहा कि वह भी मिर्जापुर चलेंगे। मेलमिलाव होने पर गिरोह के सदस्यों ने चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। कुछ देर बाद बेहोश होने पर उनके पास मौजूद हजारों रुपया, मोबाइल समेत सारा सामान लेकर चंपत हो गए। इतना ही नहीं गिरोह के सदस्यों ने तीनों यात्रियों को नैनी के पास एक सूनसान स्थान पर बेहोशी की हालत में छोड़कर भाग निकले। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने इलाहाबाद के स्वरूपरानी अस्पताल में ले जाकर भर्ती कराया।