पेट्रोल-डीजल की मूल्य वृद्धि के खिलाफ रविवार को आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतर कर विरोध जताया।
कार्यकर्ताओं ने वाहनों को हाथ से खींच कर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। गिरधर चौराहे से निकला जुलूस वासलीगंज होते हुए संकटमोचन पर पहुंच कर समाप्त हुआ।
इस दौरान जिला संयोजक मनीष त्रिपाठी ने कहा कि मोदी सरकार ने एक महीने में दो बार पेट्रोल एवं डीजल के मूल्याें में वृद्धि कर आम जनता को करारा झटका दिया है। केंद्र सरकार जनता के हितों से कोई लेना-देना नहीं है।
मोदी सरकार ने अच्छे दिन लाने का वादा किया था, पर अब सरकार वादाखिलाफी कर जन विरोधी फैसले ले रही है। कहा कि जब अंर्तराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमत घट रही थी तो सरकार अपनी पीठ थपथपा रही थी।
अब जब तेल की कीमत बढ़ रही है तो मोदी सरकार सारा ठीकरा पेट्रोलियम कंपनियों पर फोड़ रही है। जिला प्रवक्ता शिवम श्रीवास्तव ने कहा कि यह सरकार शुद्ध रूप से पूंजीपतियों के लिए काम कर रही है।
महंगाई कम करने का वादा करने वाली मोदी सरकार अब मंहगाई बढ़ाने में लगी है।
इस अवसर पर जिला सचिव आयुष सिंह, कोषाध्यक्ष राजेश सिन्हा, राम आसरे यादव, दिनकर मिश्रा, संतोष यादव, राधारमण श्रीवास्तव, संदीप विश्वकर्मा, इरशाद अहमद, प्रदीप यादव, राहुल सरोज आदि मौजूद रहे।