मिर्जापुर। मौसम का मिजाज सोमवार को दिल गया। आसमान साफ होने और तेज धूप निकलने से लोगों को ठंड से राहत मिली। लोग धूप सेंकने के लिए छतों पर बैठे रहे। इससे अधिकतम तापमान 7 और न्यूनतम दो डिग्री सेल्सियस बढ़ गया। हालांकि शाम होेते ही फिर से गलन बढ़ गई।
सोमवार को सुबह से ही आसमान साफ रहा और धप भी निकल आई। दोपहर तक धूप इतनी तेज हाे गई कि हवा में गर्माहट महसूस होने लगी। इससे अधिकतम तापमान 7 डिग्री बढ़कर 25 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम दो डिग्री बढ़कर 13 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। एक दिन पहले रविवार को अधिकतम 18 और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था।
वहीं, अचानक मौसम में बदलाव के साथ तेज धूप निकलने से किसान चिंतित नजर आ रहे हैं। हरिहरपुर बेदौली निवासी श्रीकांत दुबे, राजकुमार व सुनील कुमार आदि किसानों का कहना है कि जनवरी में मौसम फाल्गुन का अहसास करा रहा है। इसी तरह मौसम रहा तो फसलों पर असर पड़ेगा। उधर, जिला कृषि अधिकारी डॉ. अवधेश कुमार यादव का कहना है कि मौसम में ऐसा बदलाव फसलों के लिहाज से ठीक नहीं है।