विंध्याचल के शिवपुर स्थित रामगयाघाट के निषाद बस्ती में पेयजल के लिए बस्ती वासियों में गुस्सा फूट पड़ा। सोमवार को बस्ती के लोगों ने बाल्टी-डिब्बा लेकर प्रदर्शन किया। जिला एवं पालिका प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कहा कि पेयजल समस्या के लिए कई बार लिखित व मौखिक रूप से अवगत कराया गया, लेकिन विभाग की लापरवाही से बस्ती वासियों को पानी के लिए तरसना पड़ रहा है।
पेयजल समस्या के लिए रामगयाघाट के निषाद बस्ती के लोगों ने सोमवार को बाल्टी व डिब्बा लेकर प्रदर्शन किया। शिवपुर वार्ड में चार हैंडपंप लगे हैं, जिसमें से तीन रिबोर की बाट जोह रहे हैं। वहीं एक मिनी ट्यूबवेल जो कि अक्सर खराब रहता है। मात्र एक हैंडपंप के सहारे करीब तीन हजार आबादी वाले निषाद बस्ती के लोग हैं।
बस्ती में एक भी कुआं नहीं है, जिससे बस्ती के लोग हलक तर कर सकें। बस्ती वासियों ने बताया कि पेयजल समस्या के समाधान के लिए कई बार नगर पालिका परिषद और जिला प्रशासन को लिखित और मौखिक रूप से अवगत कराया गया, लेकिन अभी तक बस्ती वासियों की समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। इससे बस्ती वासियों को पेयजल के लिए भटकना पड़ रहा है। प्रदर्शन के दौरान निषाद बस्ती के लोगों ने चेतावनी दी कि यदि अविलंब पेयजल व्यवस्था दुरुस्त नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा।
इस दौरान नन्हें निषाद संजय निषाद, जोगिंदर, मंगरा, हीरावती, इमरती, पूजा, प्रमिला, राजकुमारी, सोना, दमकला, चमेला, शंकर, पिंटू, गेना सहित बड़ी संख्या में बस्ती के लोग उपस्थित रहे। शिवपुर वार्ड के सभासद शंकर बिंद ने बताया कि पेयजल समस्या के निदान के लिए पालिका प्रशासन को कई बार अवगत कराया गया लेकिन अभी तक कोई पहल नहीं हो रही है।