शहर कोतवाली क्षेत्र के बरियाघाट स्थित एक सर्विस सेंटर में संदिग्ध परिस्थितियों में कर्मचारी की मौत हो गई। सर्विस सेंटर के लोगों द्वारा घटना की देर से जानकारी देने व शव घर पहुंचवाने पर आशंका जताते हुए परिजनों ने इस मामले की जांच की मांग की। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
देहात कोतवाली क्षेत्र के अनंतराम पट्टी निवासी रामनरेश गौड़ (65) पिछले 20 वर्षों से शहर कोतवाली क्षेत्र के बरियाघाट स्थित एक सर्विस सेंटर में रहकर चौकीदारी करते थे। वहां वे बुधवार को सुबह वह गिरे हुए मिले। उन्हें अस्पताल ले जाया गया। जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। सर्विस सेंटर के लोगों ने शव को उनके घर भेजवा दिया।
परिजनों को आरोप है कि रामनरेश के सिर और हाथ में चोट लगी है। यह आरोप भी लगाया कि सर्विस सेंटर के लोग उनको निजी अस्पताल में उपचार के लिए ले गए, परंतु घर के लोगों को इसकी सूचना नहीं दी। मौत होने पर शव घर भेजवा दिया। रामनरेश के दामाद अवधेश ने मामले की जांच की मांग करते हुए पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शहर कोतवाल अरविंद मिश्र ने बताया कि रामनरेश 20 वर्ष से चौकीदारी कर रहे थे। सुबह गिरे पड़े मिले तो उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। मौत होने की सूचना पर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के कारणों का पता चल सकेगा।