जिगना। थाना क्षेत्र के सुमतियां गांव के पास सड़क हादसे में मृत युवती और दो युवकों की शनिवार को देर रात शिनाख्त हो गई। शादी से पहले शनिवार की रात दुल्हन दो युवकों के साथ बाइक से जा रही थी, इस बीच रास्ते में तीनों को हादसे में जान गंवानी पड़ी। घटना के बाद युवती के घर में खुशी का माहौल गम में बदल गया। पिता ने बहन के पुत्र पर ले जाने में सहयोग करने का आरोप लगाया है। वहीं बहन के पुत्र का कहना है कि प्रेस प्रसंग के चलते वह उसके साथ गई थी। पुलिस डीसीएम को कब्जे में लेकर जांच में जुटी है।
जिगना थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति की पुत्री की 28 मई को शादी थी। शादी प्रयागराज जिले के मेजा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक के साथ तय थी। रविवार को बरात आनी थी। इस बीच लड़की प्रयागराज जिले के मांडा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी अपने बुआ के देवर के 20 वर्षीय पुत्र के साथ शनिवार की रात बाइक से चली गई। साथ में बाइक पर प्रेमी का प्रयागराज के मांडा थाना क्षेत्र निवासी 22 वर्षीय फुफेरा भाई भी था। शनिवार की रात करीब नौ बजे तीनों बाइक पर सवार होकर तेजी से जा रहे थे। रास्ते में सुमतिया गांव के पास ट्रक को ओवरटेक करते समय बाइक डीसीएम से टकरा गई। इस हादसे में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस तीनों शवों को अस्पताल भेजवाकर शिनाख्त में जुटी। देर रात तीनों की शिनाख्त हुई। उधर, मौत की सूचना पर शादी वाले घर में मातम पसर गया।
दुल्हन के पिता ने बताया कि रविवार को पुत्री की बरात आनी थी। शनिवार की रात मिठाई व अन्य सामान बन रहे थे। उसी दौरान परिवार के लोगों ने बताया कि जिसकी शादी है, वह नहीं दिखाई दे ही है। खोजबीन करने पर भी नहीं मिली। बहन के पुत्र को फोन लगाया तो उसने बताया कि दुर्घटना हो गई है। पुत्री को मंडलीय अस्पताल ले जाया गया है। तब पता चला कि हादसे में पुत्री की मौत हो गई है। पिता ने आरोप लगाते हुए बताया कि बहन की मौत होने के बाद उसके पुत्र को अपने घर पर रखा। उसने ही अपने चाचा के लड़के को बुलाकर साथ में पुत्री को जाने में मदद की है। उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग की। वहीं युवक का कहना है कि प्रेम प्रसंग के चलते युवती उसके साथ गई थी। थानाध्यक्ष अरविंद पांडेय ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। एएसपी नक्सल ओपी सिंह का कहना है कि शादी से पहले दो युवकों के साथ बाइक से जा रही दुल्हन समेत तीन लोगों की सड़क हादसे में मौत हो गई है। डीसीएम को कब्जे में लेकर चालक की तलाश की जा रही है। मामले की जांच की जा रही है।