चुनार। निरीक्षण के लिए निकली खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बृहस्पतिवार को दोपहर में दुर्गा जी मोड़ से फर्जी फूड इंस्पेक्टर बनकर दुकानदारों से वसूली कर रहे तीन लोगों को पकड़ लिया।
इसके बाद आरोपियों को पुलिस को सौंप दिया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश मौर्य की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
आरोपी फूड विभाग का फर्जी परिचय पत्र गले में लटकाकर और खुद को फूड इंस्पेक्टर बताते हुए दुर्गा जी मोड़ स्थित दुकान में लाइसेंस की जांच कर रहे थे। साथ ही दुकानदार से तीन हजार रुपये मांग रहे थे।
रुपये न देने पर पांच लाख का जुर्माना लगाने की धमकी दी। इस बीच दुकानदारों ने मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी नरेश नारायण झा को इसकी जानकारी दी।
कुछ देर बाद मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अपने सहयोगी संजीव श्रीवास्तव, विवेक मौर्य व भइया लाल प्रजापति के साथ मौके पर पहुंचे और तीनों आरोपियों को पकड़ लिया।
इसके बाद टीम ने तीनों को पुलिस के हवाले कर दिया। चुनार कोतवाल रविंद्र भूषण मौर्या ने बताया कि क्षेत्रीय खाद्य सुरक्षा अधिकारी के तहरीर पर धीरेंद्र प्रताप, राजशंकर और सुभाष कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।