मिर्जापुर। देश के पूर्व प्रधानमंत्री विश्वनाथ प्रताप सिंह की पुण्यतिथि बृहस्पतिवार को पीली कोठी स्थित मां शारदा शक्ति लान में वीपी सिंह सामाजिक न्याय मंच की ओर से मनाई गई।
इस अवसर पर वीपी सिंह का भारतीय राजनीति में योगदान विषय एक संगोष्ठी का भी आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि चंदौली के सांसद वीरेंद्र सिंह ने कहा की वीपी सिंह रियासत से संबंध रखने के बावजूद सही मायनो में लोकतांत्रिक आचरण वाले असली नेता थे। वह आजीवन अपने मूल्यों और आदर्शों के प्रति समर्पित रहे।
कहा की अपने प्रधानमंत्रित्व काल में मंडल आयोग की सिफारिशों को लागू करके देश के एक बहुत बड़े तबके को समाज के मुख्य धारा में लाने का उनका ऐतिहासिक कार्य सदैव भारत के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज रहेगा।
अध्यक्षता करते हुए वीपी सिंह के पौत्र दिवाकर प्रताप सिंह ने कहा कि वीपी सिंह के अंदर सामाजिक न्याय की भावना कूट-कूट कर भरी थी।
चाहे भूदान आंदोलन में जमीन दान करने की बात हो और चाहे फिर दस्यु उन्मूलन के समय अपने भाई की हत्या होने के बाद नैतिकता के आधार पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के पद से इस्तीफा दे देने या फिर प्रधानमंत्री बनने के बाद बाबा साहब भीमराव अंबेडकर को भारत रत्न देने का उनका फैसला। कांग्रेस प्रवक्ता संजीव सिंह ने कहा कि वह सही मायने में भारत रत्न थे। वह उपेक्षितों के जननायक थे।
इस दौरान लाब चंद यादव, आशीष यादव, शीला सिंह, संजय गहरवार, आयुष सिंह, जितेंद्र सिंंह, कृष्णा मौर्य, सत्येंद्र गहरवार, बालेंद्र सिंह, राजेश सिंह आदि रहे।