जिले के ग्राम और क्षेत्र पंचायतों के 40 रिक्त पदों पर चुनाव के लिए 21 फरवरी को मतदान होगा। जिला निर्वाचन अधिकारी पंचायत प्रियंका निरंजन ने मंगलवार को चुनाव का कार्यक्रम जारी करते हुए निर्वाचन व सहायक निर्वाचन अधिकारी की नियुक्ति भी की। निर्वाचन अधिकारी पांच फरवरी को इस संबंध में सार्वजनिक सूचना जारी करेंगे।
रिक्त पदों में दो ग्राम प्रधान, 34 ग्राम पंचायत सदस्य व चार क्षेत्र पंचायत सदस्य के पद शामिल हैं। कार्यक्रम के अनुसार सभी पदों के लिए आठ फरवरी तक नामांकन पत्र जमा किए जा सकेंगे।
10 फरवरी को नामांकन पत्रों की जांच होगी और 11 फरवरी को उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकेंगे। उसी दिन चुनाव चिह्न का आवंटन होगा। इसके बाद 19 फरवरी को सुबह सात से शाम पांच बजे तक मतदान होगा। मतगणना 21 फरवरी को कराई जाएगी। जिलाधिकारी ने यह बताया कि चुनाव निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कराया जाएगा।