विंध्याचल। आगामी चैत्र नवरात्र पूर्णिमा पर मां विंध्यवासिनी मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और कोरोना संक्रमण के बढ़ने की आशंका को देखते हुए सोमवार और मंगलवार को मां विंध्यवासिनी मंदिर के कपाट बंद रहेंगे। आम दर्शनार्थियों के लिए मां विंध्यवासिनी मंदिर बुधवार की सुबह छह बजे खोला जाएगा।
जिले में कोरोना के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए श्रीविंध्य पंडा समाज के पदाधिकारियों से बात की। उन्होंने पूर्णिमा के अवसर पर विंध्यवासिनी मंदिर बंद करने की मंशा जाहिर की। जिस पर श्री विंध्य पंडा समाज के लोगों ने शनिवार की शाम मंदिर की छत पर स्थित कार्यालय में बैठक कर निर्णय लिया कि सोमवार और मंगलवार को विंध्यवासिनी मंदिर सहित काली खोह मंदिर एवं अष्टभुजा दरबार आम लोगों के लिए पूर्णरूप से बंद रहेगा।