जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहें
मिर्जापुर। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने विंध्याचल शारदीय नवरात्र मेला परिसर को तंबाकू और धूम्रपान मुक्त क्षेत्र घोषित किया है। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने पर कोटपा अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।
डीएम पवन कुमार गंगवार ने सोमवार को मां विंध्यवासिनी धाम विंध्याचल, अष्टभुजा और कालीखोह मंदिर परिसर का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेटों को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने दर्शन मार्ग, प्रवेश व निकास द्वार, बैरिकेडिंग, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, शौचालय, प्रसाद की दुकानों और गंगा घाटों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने श्रद्धालुओं से संवाद कर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी भी ली। डीएम ने संबंधित अधिकारियों से कहा कि दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को सुगमतापूर्वक मां का दर्शन-पूजन कराने और उन्हें सकुशल उनके गंतव्य तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
भ्रमण के बाद जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार और एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने विंध्याचल स्थित प्रशासनिक भवन में नवरात्र मेला के प्रथम दिन शाम को जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेटों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। भीड़ प्रबंधन के लिए प्रवेश और निकास द्वार अलग-अलग रखे जाएं तथा श्रद्धालुओं को कतारबद्ध दर्शन कराया जाए। स्वास्थ्य विभाग को अस्थायी चिकित्सा शिविरों में जीवनरक्षक दवाओं, एंबुलेंस और चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।