हलिया- ड्रमंडगंज मार्ग पर रतेह चौराहा पर बरसात के मौसम में हो रहे जलभराव तथा कीचड़ से परेशान लोगों ने मंगलवार को सड़कर पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया। लोगों का कहना था कि वर्षों से रतेह चौराहा के चारों सड़कों पर जलभराव की समस्या बनी हुई है। समय-समय पर उठी मांग को लेकर क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि भी समस्या का समाधान करने के बजाय उदासीन बने हुए हैं। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र में बडे़ बाजार के रूप में विकसित हो रहे रतेह चौराहा पर जलभराव और कीचड़ के कारण आवागमन अत्यंत कष्टदायक हो गया है। प्रदर्शन कर रहे ज्ञानमणि सिंह, रत्नेश सिंह, शरद मिश्र, अजीत मिश्र, राजेश शर्मा, शुभम पांडेय, मोहम्मद शरीफ आदि ने बताया कि समस्या से निजात दिलाने के लिए क्षेत्रीय विधायक तथा ब्लाक स्तर के अधिकारियों का कई बार ध्यान आकृष्ट कराया गया, लेकिन आजतक किसी ने इस समस्या पर ध्यान नहीं दिया। नागरिकों ने जलनिकासी के लिए पक्की नाली का निर्माण करा कर रतेह चौराहा पर हो रही जलभराव की समस्या से निजात दिलाने की मांग जिलाधिकारी से की है ।