जिगना। छानबे क्षेत्र में गैपुरा-जोपा मार्ग पर ग्राम पंचायत रैपुरी में मानक के विपरित कार्य होने से कई दिनों से सीसी रोड निर्माण बंद है। घटिया निर्माण कराए जाने के विरोध में ग्रामीणों ने रविवार को प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि सीसी रोड के निर्माण में मानक की अनदेखी की जा रही है। लोक निर्माण विभाग के ठेकेदार द्वारा मनमाने ढंग से कार्य कराया जा रहा है। निर्माण का आलम यह कि कुछ मीटर सीसी रोड का निर्माण कराकर बीच में कार्य बंद कर दिया गया है। अधूरे निर्माण के चलते सड़क पर जगह-जगह गिट्टी फैली हुई है। फैली गिट्टी पर फिसल कर आए दिन राहगीर गिरकर चोटिल हो रहे हैं। प्रदर्शन करने वालों में मलखान, अंबुज कुमार, विनीत कुमार आदि ग्रामीण मौजूद रहे।