हलिया क्षेत्र के गूंगिया गांव में शनिवार को एक मगरमच्छ पहुंच गया। ग्रामीणों ने मगरमच्छ को पकड़कर वन विभाग के हवाले कर दिया। वन विभाग की टीम ने मगरमच्छ को अदवा जलाशय में छोड़ दिया।
शनिवार को देर रात गूूंगिया गांव निवासी रामचंद्र के घर के पास एक मगरमच्छ दिखाई दिया। उसे देख ग्रामीणों में भय व्याप्त हो गया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग को देने के साथ ही बांस, बल्ली के सहारे पकड़कर रस्सी से एक खूंटे में बांध दिया। ग्रामीणों की सूचना पर रविवार को सुबह क्षेत्राधिकारी के नेतृत्व में पहुंची वन विभाग की टीम ने मगरमच्छ को पकड़कर उसे सुरक्षित अदवा जलाशय में छोड़ दिया। वन विभाग की टीम में अमृतलाल, राजदीप वर्मा, सर्वेश पटेल, सोनल सिंह आदि शामिल रहे।