केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने रविवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कछवां में 8.5 लाख रुपये की लागत से निर्मित सोलर ऊर्जा बैटरी का लोकार्पण किया। इसके पूर्व उन्होंने अपने संसदीय कार्यालय में आयोजित जन संवाद कार्यक्रम में लोगों की समस्याओं की सुनवाई की।
उन्होंने सरदार पटेल चौराहा स्थित संसदीय कार्यालय में लोगों की समस्याओं की सुनवाई की और अधिकारियों से बात कर समाधान का निर्देश दिया। जन संवाद कार्यक्रम के पश्चात उन्होंने सीएचसी कछवां में 8.5 लाख रुपये की लागत से निर्मित सोलर ऊर्जा बैटरी का लोकार्पण किया। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष ब्रजभूषण सिंह, अपना दल एस जिलाध्यक्ष इं. राम लौटन बिंद, सीडीओ श्रीलक्ष्मी बीएस, सीएमओ, एसडीएम सहित कई अधिकारी मौजूद थे। इसके बाद सांसद ने दुर्घटना में घायल अपना दल एस के युवा मंच के जिलाध्यक्ष उदय पटेल से उनके आवास पर शिष्टाचार मुलाकात की। उन्होंने मंझवा विकास खंड के ग्राम सभा बरैनी में भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष मुरारी सिंह के आवास पर भी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। ग्राम सभा महामलपुर में जोन अध्यक्ष सुखराज पटेल के घर भी उन्होंने लोगों से मुलाकात की। इसके अलावा ग्राम सभा कटका में डॉ चंद्रेश बिंद, ग्राम सभा मटियारी में महेश त्रिपाठी की तरफ से आयोजित चौपाल में ग्रामीणों की समस्याओं की सुनवाई की।