मिर्जापुर कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित रजिस्ट्री कार्यालय में शनिवार की दोपहर दो महिलाओं ने हंगामा करते हुए एक युवक को चप्पलों से पीट दिया। मामले में महिलाओं ने युवक पर फर्जी तरीके से जमीन बेचने का आरोप लगाया। वहीं, युवक ने महिलाओं के खिलाफ थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया।
नुआव गांव निवासी विजय लक्ष्मी और कनक लता का आरोप है कि उसकी 38 विस्वा जमीन को गांव निवासी उपेंद्र पांडेय ने महाविद्यालय बनाने के नाम पर लिया था। लेकिन निर्माण नहीं किया। शनिवार को पिता को एग्रीमेंट करने की बात कहकर रजिस्ट्री कार्यालय लाया। रजिस्ट्री कार्यालय में पिता को पता चला कि वह जमीन एग्रीमेंट न करके दूसरे को बेच रहा है।
जानकारी मिलने पर दोनों ने कार्यालय पहुंच कर विरोध जताया। वहीं, पिटाई किए जाने पर उपेंद्र पांडेय ने शहर कोतवाली में दोनों युवतियों के खिलाफ तहरीर दी। एएसपी सिटी संजय कुमार वर्मा ने मारपीट के वायरल हो रहे वीडियो की जांच कर कार्रवाई का निर्देश दिया। शहर कोतवाल अरविंद ने बताया कि उपेंद्र की तहरीर पर विजय लक्ष्मी और कनकलता पर एनसीआर दर्ज की गई है। दूसरे पक्ष से कोई तहरीर नहीं मिली है।
जिगना थाना क्षेत्र के एक गांव से 26 अक्तूबर को लापता हुई 14 वर्षीय किशोरी तीन माह बाद मिली तो एक बच्चे की मां बन चुकी है। थाना क्षेत्र के एक गांव से तीन माह बाद पुलिस ने किशोरी को बरामद किया। पुलिस ने किशोरी को मेडिकल के लिए भेज कर उसका बयान कराया।
थाना क्षेत्र के एक गांव से 26 अक्तूबर को किशोरी को एक युवक भगा ले गया। किशोरी के पिता ने पांच जनवरी 2022 को जिगना थाने में चार आरोपियों धर्मेंद्र कुमार निवासी निरीया थाना करछना प्रयागराज व सोनू यादव व गजराज यादव निवासी निरीया व मुकेश कुमार निवासी मुराजपुर थाना जिगना के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।
बताया था कि पुत्री घर से 12 हजार रुपये, दो सोने की चैन व अंगुठी भी ले गई है। थानाध्यक्ष विजय कुमार सरोज ने बताया कि किशोरी को शुक्रवार की शाम पाली गांव के पास से बरामद किया गया है। उसकी गोद में दो माह की पुत्री है।