ड्रमंडगंज में दसमी पर सिर कलम करने के लिए लोहे से बना रावण का पुतला, स्रोत सोशल मीडिया
मिर्जापुर। शहर से गांव तक बृहस्पतिवार को विजय दशमी मनाई जाएगी। आयोजकों की ओर से मेले की तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं। श्री रामलीला कमेटी बरियाघाट के मेले में मुख्य अतिथि एमएलसी श्याम नारायण सिंह होंगे। वासलीगंंज पुलिस चौकी से बरियाघाट तक रंग-बिरंगे झालर लगाए गए हैं। बरियाघाट से पहले तैयार इंडिया गेट बनाया गया है। जो लोगों का ध्यान आकर्षित कर रहा है। मेले में कई तरह की झांकियां भी दिखाई जाएंगी। ऐतिहासिक मेले में इस बार श्रद्धालुओं के रूट में परिवर्तन किया गया है। वासलीगंज पुलिस चौकी से बरियाघाट की ओर आने वाले श्रद्धालु सीधे बरियाघाट की तरफ न जाकर वन वे-रास्ते से होकर गुजरेंगे। दर्शक अब बरियाघाट से पहले संस्कृत महाविद्यालय के अंदर बनाए गए निकास मार्ग से होकर बीएसए कार्यालय परिसर होते हुए जगह-जगह सजे झाकियों का आनंद लेंगे। खजुरी गांव में विजय दशमी मेले से पहले दुकानदार दुकानें सजाना शुरू कर दिए हैं।
विंध्य क्षेत्र : रावण को जलाया नहीं, लाठियों से पीटा जाता है : विंध्याचल। विंध्यक्षेत्र में विजय दशमी पर रावण नहीं जलाया जाता है। रावण को जलाने के बजाय उसके पुतले को लाठी-डंडे से पीट-पीटकर अलग हुए उसके हिस्से को लोग लूट कर अपने साथ ले जाते हैं।
परंपरागत रूप से कई वर्षों से बंगाली तिराहे के आसपास के स्थानों पर इसी तरह से विजय दशमी मेले का आयोजन होता है।
इस मेले में आसपास के क्षेत्र के लोगों की भीड़ उमड़ती है। युद्ध में जैसे ही रावण का पुतला धराशाई होता है, लोग उसमें आग लगाने की बजाय लाठी-डंडे से पीट-पीटकर उसकी लकड़ियां लूटकर ले जाते हैं। लकड़ियों को लोग अपने-अपने घरों में रखते हैं। मान्यता है कि इसे रखने से घर में खटमल का प्रवेश नहीं होता है।