मिर्जापुर। सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण स्थान से होने के बाद भी एक युवक जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर सड़क पर सरेराह महिला की पिटाई कर दी। पिटाई का वीडियो जब वायरल हुआ तो पुलिस एक्शन में आई। पुलिस जिलाधिकारी कार्यालय के सामने स्थित एक निजी आईटीआई काॅलेज परिसर से आरोपी को पकड़ कर ले गई। देर शाम तक थाने में पंचायत चलती रही।
जिलाधिकारी कार्यालय के सामने सड़क के दूसरी ओर एक निजी आईटीआई काॅलेज है। वहां दोपहर के समय एक युवक हाथ में लाठी लेकर आया और एक महिला को धक्का देकर सड़क पर गिरा दिया। उस दौरान सड़क पर वाहनों का आवागमन हो रना था। धक्का दिए जाने पर महिला सड़क पर गिर गई। इसके बाद युवक ने लाठी से उसकी पिटाई की। उसकी पिटाई करते देख किसी ने वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। पिटाई से महिला की आंख के नीचे चेहरा सूज गया। वीडियो बनाते देख युवक निजी आईटीआई काॅलेज परिसर में भाग गया। इस बीच पिटाई का वीडियो वायरल होने लगा। वायरल वीडियो को संज्ञान में लेकर पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने कार्रवाई का निर्देश दिया। इसके बाद शहर कोतवाल और अस्पताल चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचे। युुवक को निजी आईटीआई परिसर से पकड़ कर थाने ले गए। एएसपी सिटी नितेश सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो का संज्ञान में लेकर आरोपी युवक को पकड़ा गया है। तहरीर के आधार पर मामले में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।