कछवां में कार से जुलूस निकालते लोग। स्रोत- वीडियाे ग्रैब
कछवां। आदर्श नगर पंचायत क्षेत्र में चार पहिया वाहनों पर सवार युवाओं का स्टंट करते हुए एक काफिला निकला। इसमें शामिल युवाओं द्वारा यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाईं जा रहीं थी। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होेने के बाद पुलिस संज्ञान लेकर कार्रवाई में जुटी है। बजहां गांव निवासी राजकुमार उपाध्याय उर्फ राजू उपाध्याय को हिंदू युवा वाहिनी का पूर्वी उत्तर प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इनसे मिलने के लिए वाराणसी से आए कुछ युवा कई गाड़ियों से हूटर बजाते हुए काफिला निकाले। चलते वाहनों के दरवाजे के शीशे से बाहर निकलकर धार्मिक नारा लगाते हुए स्टंट कर रहे थे। काफिला में शामिल युवा जमुआं की ओर से कछवां बाजार होते हुए बजहां गांव राजू के आवास पर पहुंचे। कुछ ही घंटों बाद फिर पुनः वाहनों का काफिला उसी अंदाज में बजहां गांव से जमुआं की ओर निकल गया। इस हरकत से लोगों में असहजता और आक्रोश देखने को मिला। किसी ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया जो कि वायरल हो गया। सीओ सदर मुरेंद्र पाल ने बताया कि कुछ गाड़ियों के काफिला में कुछ युवा गाड़ी की खिड़कियों से काफी बाहर तक निकले हुए दिखाई दे रहे थे। जांच से पाया गया कि राजकुमार उपाध्याय निवासी बजहां थाना कछवां को किसी संगठन का प्रदेश अध्यक्ष मनोनीत किया गया। इस उपलक्ष्य में संगठन के कुछ सदस्य व पदाधिकारी राजू उपाध्याय उपरोक्त से समूह के रूप में मिलने के लिए कछवां आए थे। इनके द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन करने के संबंध में कार्रवाई की जा रही है।