आकांक्षी विकास खंड पटेहरा में विकास कार्यों के स्थलीय सत्यापन के लिए पहुंचे एसटीडीसी लखनऊ के प्रबंध निदेशक आशीष कुमार के निरीक्षण से मंगलवार को अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मचा रहा। दो दिवसीय निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न योजनाओं की जमीनी हकीकत परखी।
सोमवार को ब्लॉक सभागार में बैठक के बाद विंध्य मार्ट, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और कृषि गोदाम का निरीक्षण किया गया। मंगलवार को ग्राम पंचायत ककरद स्थित कंपोजिट विद्यालय में स्मार्ट क्लास, आंगनबाड़ी केंद्र, स्किल डेवलपमेंट सेंटर और दिव्यांग सुगम्य पुस्तकालय का स्थलीय सत्यापन किया। इसके बाद तिसुही में क्लाइमेट लैब का निरीक्षण किया। ककरद में आयोजित गोद भराई कार्यक्रम में भी उन्होंने भाग लिया।
प्रबंध निदेशक ने बताया कि आकांक्षी ब्लॉकों में सरकार की ओर से दी जा रही प्रोत्साहन राशि से कराए गए विकास कार्यों का प्राथमिकता के आधार पर सत्यापन किया जा रहा है।
साथ ही विभिन्न विकास संकेतकों की जानकारी लेकर उनका भी मौके पर सत्यापन किया गया। निरीक्षण की रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी। संवाद