चुनार। चुनार जंक्शन पर शुक्रवार की सुबह चाय बेचने के दौरान पैर फिसल जाने से ट्रेन की चपेट में आने से वेंडर की मौत हो गयी। वेंडर के मौत की सूचना मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया। थाना क्षेत्र के उसमानपुर मुहल्ला निवासी बबलू यादव (40) पुत्र चिंतामणि जंक्शन पर चाय बेच रहा था। इसी दौरान सुबह पांच बजकर 40 मिनट पर हावड़ा इंदौर चंबल एक्सप्रेस जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर पांच पर आकर रूकी। वह यात्रियों को चाय दे रहा था कि तभी ट्रेन के ठहराव का समय पूरा होने पर ट्रेन का सिग्नल हो गया। धीरे-धीरे ट्रेन आगे बढ़ने लगा। इसी दौरान किसी यात्री ने चाय के लिए आवाज दिया। वेंडर बबलू यादव प्लेटफार्म पर चलते-चलते केतली से कुल्हड में चाय ढ़ालकर यात्री की ओर बढ़ाया। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह ट्रेन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में आरपीएफ व जीआरपी कर्मी वेंडर को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चेचरी मोड़ पहुचें। जहां दवा इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी। घटना की खबर लगते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस शव को अपने कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आरपीएफ प्रभारी बीके यादव ने बताया कि मृत वेंडर लाइसेंसी था। मृतक को दो पुत्री व एक पुत्र है।