मिर्जापुर। वसंत पंचमी का पर्व शनिवार को मनाया जाएगा। इसे लेकर दिनभर तैयारियां चलती रहीं। जहां घाटों पर स्नान ध्यान को लेकर साफ सफाई की गई तो वहीं स्कूलों में भी पूजन की तैयारियों में लोग जुटे रहे। ज्ञान, वाणी और कला में रुचि वालों के लिए यह दिन बेहद खास होता है। पर्व की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई। स्नान, ध्यान को देखते हुए नगर पालिका प्रशासन की ओर से विभिन्न गंगाघाटों पर साफ-सफाई के साथ ही चूने आदि का छिड़काव व बैरिकेडिंग आदि करा दिया गया है। स्कूल और कालेजों में सरस्वती पूजन को लेकर छात्र व छात्राओं उत्साह है। आध्यात्मिक धर्मगुरु त्रियोगी नारायण उर्फ मिट्ठू मिश्र ने बताया कि पूर्वाह्न में पंचमी योग के कारण इस बार वसंत पंचमी का त्योहार पांच फरवरी, शनिवार को मनाया जाएगा। पूजा का मुहूर्त प्रात 06:45 से दिनभर रहेगा। लेकिन श्रेष्ठ मुहूर्त प्रात 07:07:19 बजे से दोपहर 12:35:19 तक रहेगा। विंध्याचल में भी बसंत पंचमी का विशेष महत्व है। त्रिकोण के अंतर्गत माता अष्टभुजा जिन्हें ज्ञान के देवी के रूप में जाना जाता है। बसंत पंचमी के दिन बड़ी संख्या में विद्यार्थी व कलाकार माता अष्टभुजा के दर्शन पूजन कर माता के कृपा आशीर्वाद से अपने जीवन में सफलता अर्जित करते हैं।