लौह पुरुष सरदार बल्लभ भाई पटेल की जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में 31 अक्तूबर को मनाई जाएगी। इसकी तैयारी को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी शिव प्रताप शुक्ल की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें कार्यक्रम की रूपरेखा तय की गई।
अपर जिलाधिकारी ने बताया कि 31 अक्तूबर को सुबह आठ बजे परिषदीय विद्यालयों के बच्चे प्रभात फेरी निकालेंगे, जबकि माध्यमिक के विद्यार्थियों की तरफ से रैली निकाली जाएगी। सुबह नौ बजे स्टेडियम में लौह पुरुष सरदार पटेल के जीवन, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता दिवस पर छात्रों से स्लोगन का संकलन किया जाएगा। सुबह 10 बजे सूचना विभाग की ओर से राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता विषयक प्रदर्शनी लगाई जाएगी।
उन्होंने बताया कि दोपहर 12 बजे जिला संयुक्त चिकित्सालय में जिलाधिकारी की ओर से मरीजों को फल वितरित किया जाएगा। दोपहर एक बजे वृद्ध एवं कुष्ठ आश्रम में मुख्य विकास अधिकारी की ओर से भोजन कराया जाएगा। अपराह्न दो बजे सरदार बल्लभ भाई पटेल के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर राष्ट्रीय इंटर कॉलेज में भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। इसी प्रकार शाम चार बजे सहायक श्रमायुक्त कार्यालय में सरदार पटेल के जीवन पर विचार गोष्ठी एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। नगर के महुअरिया स्थित जीआईसी मैदान में शाम छह बजे लौह पुरुष के जीवन चरित्र पर फिल्म का प्रदर्शन किया जाएगा।