जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने शनिवार को विंध्य कॉरिडोर के निर्माण में हुई प्रगति का निरीक्षण कर जायजा लिया। इस दौरान निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था के अधिकारियों से नाराजगी जताई। जिलाधिकारी का कहना था कि कार्यदायी संस्था को अक्टूबर महीने में जितना काम पूरा करना था, उतना पूरा नहीं हो पाया है।
कार्यदायी संस्था के अवर अभियंता ने निर्माण कार्य की प्रगति से संबंधित अभिलेख प्रस्तुत करते हुए डीएम को बताया कि परिक्रमा पथ में प्रस्तावित 130 में से लगभग 100 खंभों के प्रथम तल का काम पूरा हो चुका है। ध्वस्तीकरण का कुछ कार्य अभी बचा हुआ है। दीपावली व छठ पूजा के कारण श्रमिक अभी अवकाश पर हैं। सोमवार से सभी लोग काम पर लौट आएंगे।
इस पर जिलाधिकारी ने अवर अभियंता को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि कॉरिडोर का कार्य किसी भी सूरत में तय समय में पूरा करना है। इसके लिए उन्होंने दिन रात तीन शिफ्टों में कार्य कराने का निर्देश भी दिया।
इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने कोतवाली, पक्काघाट, न्यू वीआईपी तथा पुरानी वीआईपी मार्ग पर चल रहे कार्य में भी तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने अवर अभियंता से कहा कि मजदूरों की संख्या बढ़ाकर निर्धारित समय में कार्य पूरा कराएं। यह कहा कि कार्य में अगर कोई समस्या सामने आती है तो पुलिस बल की उपलब्धता सुनिश्चित कराएं।
निरीक्षण के पश्चात मौके पर मौजूद पत्रकारों से बात करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि उनके आने के बाद कार्य काफी तेजी से चल रहा है। त्योहारों के चलते इधर कार्य प्रभावित हुआ है, परंतु शीघ्र ही तेजी से निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि कॉरिडोर का कार्य निर्धारित समय में पूरा कराया जाएगा। इस दौरान अपर जिलाधिकारी शिवप्रताप शुक्ला, पीडब्ल्यूडी व कार्यदायी संस्था के अधिकारी मौजूद रहे ।