जिगना। विंध्याचल थाना क्षेत्र के विजयपुर बाजार में स्थित किराना की दुकान में शुक्रवार को देर रात आग लग गई। आग लगने पर स्थानीय लोगों ने दुकान मालिक, पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी देर तक मशक्कत के बाद आग पर काबू किया। इस बीच दुकान में रखे नकदी समेत कीमती सामान जलकर नष्ट हो गए। विजयपुर बाजार में छिपहटी मोहल्ला निवासी सादाब व गुलाम हैदर की किराना की थोक व फुटकर की दुकान है। शुक्रवार की रात करीब आठ बजे दुकान बंद कर वे घर चले गए। रात करीब साढ़े 10 बजे दुकान से धुंआ निकलते देख आसपास के लोगों ने दुकान मालिक को सूचना दी। दुकान मालिक के पहुंचने तक आग काफी तेज हो चुकी थी। काफी मशक्कत के बाद शटर खोला गया। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम को सूचना दी गई। आस-पास के लोगों की मदद से सबमर्सिबल पंप चलाकर आग बुझाने का प्रयास किया गया। मौके पर फायर ब्रिगेड की टीम भी पहुंची। फायर ब्रिगेड व बाजारवासियों ने काफी देर तक मेहनत के बाद किसी तरह से आग पर काबू किया। तब तक दुकान में रखे सारे सामान जल कर नष्ट हो चुके थे। आग इतनी तेज की दुकान की छत की पटिया टूट गई। दीवार भी कई जगह दरक गई। घटना की सूचना पर थानाध्यक्ष विंध्याचल अतुल कुमार राय, चौकी प्रभारी गैपुरा रविकांत मिश्र फोर्स के साथ पहुंच कर आग बुझाने में लगे रहे।
दुकानदार गुलाम हैदर की पत्नी शलीना बेगम ने तहरीर देकर बताया है कि आग से 30 से 35 हजार नकद व लगभग 15 लाख रुपये मूल्य के सामान जल गए हैं। थानाध्यक्ष अतुल कुमार राय ने बताया कि आग बिजली की शार्ट सर्किट से लगने की बात कही जा रही है।