मिर्जापुर। जिले के प्रभारी मंत्री नंद गोपाल नंदी के विंध्याचल स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के निरीक्षण के दौरान दवा स्टाक से अधिक मिलने पर चीफ फार्मासिस्ट से पूछताछ की गई। चीफ फार्मासिस्ट द्वारा संतोषजनक जवाब नहीं दिए जाने पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने चीफ फार्मासिस्ट के खिलाफ अनुशासनिक कार्रवाई का निर्देश दिया है।
प्रभारी मंत्री जब विंध्याचल स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर रहे थे तो उनको स्टाक में अंकित दवा की मात्रा से अधिक उस दवा की स्टाक मिला। इसके साथ ही कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित प्रभारी मंत्री की समीक्षा बैठक में अनुपस्थित रहे ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के अधिशासी अभियंता व राजकीय निर्माण निगम के अधिशासी अभियंता को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया है। जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने इन दोनों अभियंताओं को नोटिस जारी करके तीन दिन में अपना जवाब प्रस्तुत करने को कहा है। जिलाधिकारी ने बताया कि इन दोनों ही अभियंताओं को समय से प्रभारी मंत्री के बैठक की जानकारी दी गई थी। उसके बावजूद संबंधित विभागों के अधिशासी अभियंता बैठक में उपस्थित नहीं हुए। इस पर प्रभारी मंत्री ने नाराजगी जताई है और कार्रवाई की बात कही है।