मिर्जापुर। उप कृषि निदेशक अशोक उपाध्याय ने वृहस्पतिवार को मझवां विकास खंड का भ्रमण कर उर्वरक बिक्री पर नजर रखी। इस दौरान साधन सहकारी समिति, कछवां डीह पहुंचे कृषि उपनिदेशक ने चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी को समिति पर उपस्थित पाया जबकि सचिव अनुपस्थित रहे। साधन सहकारी समिति कछवां डीह पर 300 बोरी यूरिया उर्वरक उपलब्ध रहा जिसका वितरण किसानों में किया जा रहा था। तत्पश्चात कृषि उप निदेशक महामलपुर स्थित साधन सहकारी समिति का भी निरीक्षण किया गया।
समिति पर 50 बोरी इफको यूरिया उर्वरक उपलब्ध पाया गया। साधन सहकारी समिति पर उपस्थित कर्मचारियों को निर्देशित करते हुए उपकृषि निदेशक ने कहा यूरिया का वितरण पीओएस मशीन से निर्धारित दर पर ही करें। कहा कि जोत बही के आधार पर प्रति एकड़ दो बोरी से अधिक यूरिया किसानों को किसी भी दशा में न दें। उप कृषि निदेशक अशोक उपाध्याय बृहस्पतिवार को बताया कि जनपद में पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध है। सहकारी क्षेत्र में इस माह में 2 रैक यूरिया एवं निजी क्षेत्र में भी 2 रैक यूरिया प्रस्तावित है। किसी भी क्षेत्र में इसकी कोई कोई कमी नहीं है। उन्होंने किसानो सलाह देते हुए कहा कि संस्तुति मात्रा में ही फसलों में उर्वरकों का प्रयोग करें। अधिक मात्रा में यूरिया के प्रयोग से फसलों में कीट व रोग लगने की संभावना बढ़ जाती हैं। उर्वरक खरीदने के दौरान किसान अपना आधार कार्ड साथ में अवश्य ले जांए। उप कृषि निदेशक ने पीओएस मशीन से ही उर्वरक खरीदने की किसानों को सलाह दी। उन्होंने बताया कि खरीफ 2020 में यूरिया का 15397 मैट्रिक टन, डीवीपी 14210 मैट्रिक टन, एनपीके 768 मैट्रिक टन, एमओपी 489 मैट्रिक टन का लक्ष्य निर्धारित है। जिसके सापेक्ष यूरिया 14020, डीएपी 24376, एनपीके 221 एवं एमओपी 437 मैट्रिक टन उर्वरक उपलब्ध है। उन्होंने यूरिया उर्वरक खरीदने में किसी भी प्रकार की कठिनाई होने पर जनपद में स्थापित कंट्रोल रूम 05442-245900 पर संपर्क करके अपनी समस्या का समाधान प्राप्त करने के सुझाव दिए। निरीक्षण के दौरान सचिव राधा सरोज, दिनेश कुमार शर्मा, सहायक विकास अधिकारी (सह.) ,दीनानाथ सिंह, लेखाकार समिति पर मौजूद रहे।