पटेहरा। मड़िहान तहसील क्षेत्र के पटेहरा कला, दिपनगर, मालुआं, खनवर मझारी, संतनगर समेत दर्जनों गांव में यूरिया की कालाबाजारी से किसान परेशान है। निर्धारित 270 रुपये बोरी की यूरिया दुकानदारों की ओर से 330 से लेकर 380 रुपये तक बेची जा रही है। आलोक उपाध्याय, बबलू गुप्ता, लालबहादुर आदि किसान का कहना है कि क्षेत्र में लगभग एक दर्जन खाद की दुकानें हैं। जहां 270 रुपये की जगह 330 से लेकर 380 रुपये प्रति बोरी तक यूरिया बेची जा रही है। किसानों ने बताया कि सोसायटी पर भीड़ होने से सभी किसानों को खाद नहीं मिल पाती है। ऐसे में बाजारों में खुले उर्वरक दुकानों से किसान खाद खरीदने को मजबूर हैं। किसानों की मजबूरी का फायदा उठाकर दुकानदार ब्लैक में खरीदने की बात कहकर 50 से 100 रुपये प्रति बोरी महंगा बेचकर किसानों को चूना लगा रहे हैं। इस संबंध में मड़िहान एसडीएम जंगबहादुर का कहना है कि कुछ कंपनी के दाम में भी अंतर रहता है। जांच की जाएगी यदि कोई महंगे दाम पर खाद बेचता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।