मड़िहान थाना क्षेत्र के मलुआ गांव के पास सड़क पार करते समय कार के टक्कर से गंभीर रूप से घायल वृद्ध की मंडलीय अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। मौत होने पर परिजन इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल में हंगामा करने लगे। डॉक्टरों का कहना था कि प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर घायल को रेफर कर दिया गया था, परंतु परिजन उनको नहीं ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया।
मड़िहान थाना क्षेत्र के पुरैनिया गांव निवासी फौजदार (64) सोमवार को अपने रिश्तेदारी में मलुआ गांव गए थे। वे मंगलवार को सुबह शौच के लिए निकले थे। वापस आते समय सड़क पार करने के दौरान कार ने उन्हें टक्कर मार दिया। इस हादसे में वे गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद कार सवार फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस और परिजनों को दी। सूचना पर पहुंचे परिजन घायल को उपचार के लिए एंबुलेंस से मंडलीय अस्पताल ले गए। इस बीच मंडलीय अस्पताल में उपचार के दौरान वृद्ध की मौत हा गई।
मौत होने पर परिजन इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए शव इमरजेंसी कक्ष के बाहर जमीन पर रखकर हंगामा करने लगे। इमरजेंसी में तैनात डॉक्टरों का कहना था कि घायल की हालत गंभीर होने पर रेफर कर दिया गया था, परंतु परिजन नहीं माने। वो यहीं इलाज कराने की बात कहने लगे। उधर, हंगामा की सूचना मिलने पर अस्पताल चौकी प्रभारी हरिशंकर यादव और शहर कोतवाल अरविंद मिश्रा मौके पर पहुंचे। पुलिस ने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया। कोतवाल अरविंद मिश्रा ने बताया कि कार के टक्कर से घायल वृद्ध की मंडलीय अस्पताल में मौत हो गई है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।