माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की परीक्षा के चौथे दिन हाईस्कूल गणित की परीक्षा में एक छात्र नकल करते पकड़ा गया। वहीं हाईस्कूल में 2425 छात्रों ने गणित की परीक्षा छोड़ दी। माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की परीक्षाएं जिले के 129 केंद्रों पर 18 फरवरी से चल रही हैं।
विकास खंड छानबे स्थित रामा देवी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बजटा में डीआईओएस के सचल दल ने एक छात्र को नकल करते पकड़ा। बोर्ड परीक्षा के चौथे दिन सचल दल और केंद्र व्यवस्थापकों की कड़ाई के चलते प्रारंभिक गणित में 1278, गणित में 2425 और गृह विज्ञान में 2269 छात्राओं ने परीक्षा छोड़ दी। बोर्ड परीक्षा के चौथे दिन प्रारंभिक गणित की परीक्षा में 9400 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। जिनमें से 8122 छात्रों ने परीक्षा दिया, जबकि 1278 ने परीक्षा छोड़ दिया।
इसी प्रकार गणित की परीक्षा में 24 हजार 458 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। जिनमें से 22 हजार 33 छात्रों ने परीक्षा दिया तो वहीं 2425 छात्रों ने कड़ाई के चलते गणित की परीक्षा छोड़ दी। इसी प्रकार हाईस्कूल गृह विज्ञान की परीक्षा में 13 हजार 922 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। जबकि 11 हजार 643 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। जबकि 2269 छात्राओं ने परीक्षा नहीं दिया। इसी प्रकार इंटरमीडिएट संगीत गायन की परीक्षा में 107 पंजीकृत छात्रों में से 97 छात्र परीक्षा में शामिल हुए। वहीं 10 छात्रों ने परीक्षा नहीं दिया। परीक्षा के चौथे दिन अपर उप जिलाधिकारी रत्नप्रिया, डिप्टी आरएमओ रतन कुमार शुक्ला, बीडीओ सिटी भावना यादव, बीडीओ पहाड़ी चंदनदेव पांडेय, जिला समाज कल्याण अधिकारी महेंद्र यादव सहित अन्य पदाधिकारियों ने केंद्रों का निरीक्षण किया।