थाना क्षेत्र के कोठी गांव के ग्रामीणों ने सोमवार को गांव के पास मार्ग जाम कर अवैध खनन का विरोध किया। करीब दो घंटे तक चले जाम की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने खान अधिकारी से बात कराया। खान अधिकारी के अवैध खनन बंद कराने का आश्वासन दिए जाने के बाद लोगों ने जाम समाप्त किया।
लालगंज थाना क्षेत्र के कोठी इलाके में कई महीनों से अवैध खनन का खेल जारी है। जिसको बंद कराने के लिए इलाके के लोगों ने कई बार अधिकारियों के यहां शिकायत की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अधिकारियों द्वारा बरती जा रही लापरवारी को देखते हुए सोमवार को लेागों का गुस्सा फूट पड़ा।
विज्ञापन
ग्रामीणों ने क्षेत्र के भुंसी पथरहा में चल रहे अवैध खनन को बंद कराने एवं सड़क मरम्मत की माग को लेकर चितांग मोड़ से कोठी छलहवां मार्ग पर चक्का जाम कर दिया। जिससे क्रशर प्लांट से गिट्टी ढोने वाले डंफर व ट्रक जहां तहां खड़े हो गए। नाराज ग्रामीणों ने कहा कि भुंसी पथरहा में धड़ल्ले से अवैध खनन कराया जा रहा है।
जहां से सैकड़ों डंफर व ट्रक द्वारा गिट्टी व बोल्डर लोड कर सड़कों पर दौड़ने से सड़क पूरी तरह से ध्वस्त हो गई है। सड़क जर्जर होने के चलते उससे उड़ने वाली धूल के कारण ग्रामीण दमा, टीबी के मरीज हो रहे हैं। सड़क किनारे स्थित खेतों में बोई गई फसल भी धूल के कारण नष्ट हो रही है। सड़क खस्ताहाली का आलम यह है कि गर्भवती महिलाओं व मरीजों को ले जाने के लिए 108 व 102 नंबर की एंबुलेंस तैयार नहीं होती है। इससे मरीजों का इलाज भी नहीं हो पा रहा है।