लालगंज थाने के नैड़ी गांव के पास रीवा-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग से पश्चिम की ओर 300 मीटर दूर सिरावल रोड के किनारे मंगलवार को सुबह करीब 55 वर्षीय व्यक्ति का शव मिला। ग्रामीणों ने शव देखकर पुलिस के सूचना दी। शव देखकर लग रहा है कि किसी ने सिर पर गोली अथवा नुकीले हथियार से हमला कर हत्या कर दी है। शव मिलने की सूचना पर पहुंचे एएसपी ऑपरेशन ने फील्ड यूनिट टीम के साथ जांच पड़ताल की। पुलिस शव की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है।
मंगलवार को सुबह नैड़ी गांव के पास सड़क किनारे एक अधेड़ का शव पड़े होने की जानकारी मिलने पर वहां लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। ग्रामीणों से सूचना मिलने के बाद चौकी प्रभारी धर्मनारायण भार्गव मौके पर पहुंचे। चौकी प्रभारी ने उच्चाधिकारियों को सूचना दी। अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन महेश सिंह अत्रि, क्षेत्राधिकारी दीक्षांत राज, थानाध्यक्ष लालगंज ज्ञानू प्रिया ने फोरेंसिक फील्ड यूनिट के साथ मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की।
उसके चेहरे और सिर पर चोट के निशान दिखे। जिसे देखकर लग रहा है कि सिर में गोली मारकर अथवा नुकीले हथियार से हमला कर हत्या की गई है। पुलिस का मानना है कि संभवत: कहीं और हत्या कर शव को यहां फेंक दिया गया है। मृतक के शरीर पर कुर्ता, पायजामा, जूता व मोजा है। हुुडी पहना है। हुडी उसके सिर में लगा है। चेहरा और सिर में रक्त जमा था और चोट के निशान थे। जेब से बीड़ी और सुर्ती भी मिली है। पुलिस ने काफी देर तक शिनाख्त कराने की कोशिश की। तीन दिन में शव की शिनाख्त नहीं होने पर पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत के कारण का भी पता चल सकेगा।
एएसपी नक्सल महेश सिंह अत्रि का कहना है कि 55 वर्षीय व्यक्ति के सिर में चोट लगी है। शव की शिनाख्त कराने की कोशिश की जा रही है। शिनाख्त होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण की पुष्टि होगी। मामले की छानबीन के लिए टीमें लगी हैं। घटना का जल्द ही खुुलासा किया जाएगा।