अहरौरा । क्षेत्र के छातों गांव के पास मंगलवार की शाम सोनभद्र से गिट्टी लादकर वाराणसी की ओर जा रहे अनियंत्रित ट्रक ने ओवरब्रिज के पास सड़क किनारे खड़े दूसरे ट्रक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में चालक ट्रक में ही फंस कर गंभीर रूप से घायल हो गया। लोगों ने सूचना पुलिस को देकर किसी तरह ट्रक चालक को बाहर निकाल कर सीएचसी अहरौरा पहुंचाया। जहां स्थिति बिगड़ने पर वाराणसी रेफर कर दिया गया।
अहरौरा के हिनौता गांव निवासी ट्रक चालक 22 वर्षीय राजू शर्मा मंगलवार को सोनभद्र से गिट्टी लादकर वाराणसी की ओर जा रहा था। चालक ट्रक लेकर शाम लगभग पांच बजे जैसे ही छातों गांव के पास पहुंचा कि तभी चालक ट्रक से अपना नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित ट्रक ओवर ब्रिज के पास सड़क के किनारे खड़ी बालू लदे दूसरे ट्रक में पीछे से जाकर भीड़ गया। दुर्घटना के बाद अनियंत्रित ट्रक का चालक राजू शर्मा ट्रक में ही फंस गया। मौके पर मौजूद लोगों ने दुर्घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से ट्रक में फंसे चालक को किसी तरह बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अहरौरा भेजवाया। जहां स्थिति बिगड़ने पर चिकित्सकों ने घायल ट्रक चालक को ट्रामा सेंटर वाराणसी के लिए रेफर कर दिया।