मिर्जापुर। देहात कोतवाली क्षेत्र के सरैया गांव के पास शनिवार को शाम को जमीन संबंधी विवाद में चाचा ने भतीजे को चाकू से हमला कर घायल कर दिया। गंभीर रूप से घायल भतीजे को इलाज के लिए ट्राॅमा सेंटर पहुंचाया गया। सरेराह चाकू से हमला किए जाने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस सक्रिय हुई। इस मामले में दो आरोपियों पर धारदार हथियार से हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
देहात कोतवाली क्षेत्र के सरैया गांव के पास शनिवार की शाम बाइक से जा रहे चाचा लालचंद और भतीजा अमृत लाल आपस में भिड़ गए। विवाद बढ़ने पर चाचा ने भतीजे अमृत लाल पर चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया। घायल ने किसी तरह भागकर जान बचाई। इस बीच चाकू मारकर घायल किए जाने का वीडियो किसी ने वायरल कर दिया। इसके बाद पुलिस सक्रिय हुई। बैंयाडाड़ गांव निवासी राजू बिंद ने तहरीर देकर बताया कि उसके भाई अमृतलाल बिंद निवासी सरैया घर लौट रहे थे। चाचा लालचंद और एक अन्य व्यक्ति हरिराम ने जमीन संबंधी विवाद में जानलेवा हमला किया। देहात कोतवाल अजय सेठ ने बताया कि इस मामले आरोपी लालचंद और हरिराम के खिलाफ धारदार हथियार से हमला कर हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया गया है। सीओ सदर अमर बहादुर ने बताया कि अमृतलाल बिंद पर उसके पट्टीदार ने धारदार हथियार से हमला किया है। दोनों के बीच जमीन संबंधी विवाद है। मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाई गई हैं।