जमुई/मिर्जापुर। जिले में अलग-अलग जगहों पर रविवार को ट्रेन की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई। चुनार कोतवाली क्षेत्र के जमुई अंडरपास और देहात कोतवाली क्षेत्र के सिरसी गहरवार गांव के पास दोनों हादसे हुए।
देहात कोतवाली क्षेत्र के सिरसी गरहवार गांव निवासी चंदन (22) की रविवार की सुबह कस्तूरबा विद्यालय के पास ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक के भाई गोलू ने बताया कि चंदन मानसिक रूप से बीमार था। वह शनिवार की रात घर से लापता हो गया था। सुबह नौ बजे गांव में रेलवे लाइन के पास उसका शव मिला। कोतवाल सदानंद सिंह ने बताया कि ट्रेन से कटकर युवक की मौत हो गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
इसी तरह चुनार थाना क्षेत्र जमुई निवासी किशन कुमार (20) की रविवार की सुबह अंडरपास के पास ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। मौके पर पहुंची जीआरपी पुलिस ने कजरहट पुलिस को सूचना दी। बाद में कजरहट पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। किशन मजदूरी करता था। थानाध्यक्ष रविंद्र भूषण मौर्या ने बताया कि ट्रेन से कटकर युवक की मौत हुई है।