अदलहाट के रैपुरिया के पास हादसे में क्षतिग्रस्त ट्रक व मौजूद लोग ।
- फोटो : संवाद
नरायनपुर। अदलहाट थाना क्षेत्र के वाराणसी-मिर्जापुर हाईवे मार्ग पर रैपुरिया गांव के सामने बृहस्पतिवार की शाम को दो ट्रक में सीधी टक्कर हो गई।
हादसे में दोनों ट्रक चालकों की मौत हो गई। एक खलासी घायल हो गया, जिसे वाराणसी रेफर कर दिया गया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने जेसीबी के जरिये दोनों चालकों का शव को केबिन से बाहर निकलवाया। इस दौरान पौने तीन घंटे जाम लगा रहा।
देहात कोतवाली क्षेत्र सिरसी गहरवार गांव निवासी राहुल यादव (25) खाली ट्रक लेकर मिर्जापुर की ओर जा रहा था। अदलहाट थाना क्षेत्र के रैपुरिया गांव के पास शाम साढ़े चार बजे डिवाइडर तोड़ते हुए ट्रक दूसरी लेन पर आकर वाराणसी जा रहे दाल लदे ट्रक से भिड़ गया। हादसे में राहुल यादव के अलावा दूसरे ट्रक के चालक जिगना के चड़िचा निवासी शशिकांत यादव (45) की मौत हो गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने जेसीबी से शव को बाहर निकलवाया। हादसा इतना भीषण था कि दोनों के शव केबिन में चिपक गए थे। एक ट्रक का खलासी घायल हो गया था, जिसे अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने मृत चालकों के परिजनों को हादसे की जानकारी दी। दुर्घटना की वजह से हाईवे पर यातायात ठप हो गया।