अहरौरा। वध के लिए मवेशियों को बिहार लेकर जा रहे पशु तस्करों को पकड़ने के लिए अहरौरा पुलिस ने खप्पर बाबा आश्रम के पास राेकने की कोशिश की तो तस्करों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। मुठभेड़ में दो पशु तस्कर गोली लगने से घायल हो गए। उनको उपचार के लिए सीएचसी ले जाया गया। जहां से उनको मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने जंगल से 81 मवेशी और तस्करों के पास से तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद किया है।
सोनभद्र बॉर्डर के पास खप्पर बाबा आश्रम से सटे जंगल के रास्ते पशु तस्कर दो अलग-अलग गुटों में 81 मवेशी लेकर बिहार जा रहे थे। उधर, मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस टीम जंगल के रास्ते में घेराबंदी शुरू कर दी। इस बीच पुलिस देख पशु तस्करों ने फायरिंग शुरू कर दी। पशु तस्करों के तमंचे से निकली गोली थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्रा के बुलेट प्रूफ जैकेट और दूसरी गोली पास में मौजूद आरक्षी के बगल से होते हुए निकल गई। पुलिस की ओर से बचाव में की गई जवाबी फायरिंग में गोली लगने से दो पशु तस्कर श्याम बहादुर राय निवासी ढेढुवा भरारी थाना चांद जनपद भभुआ बिहार और अनुज यादव निवासी पहिती लहौरा थाना मड़िहान घायल हो गए। गोली दोनों पशु तस्करों के पैर में लगी है। मुठभेड़ में घायल पशु तस्करों को सीएचसी ले जाकर इलाज कराया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने मौके से तस्करी के लिए ले जाए जा रहे 81 मवेशी, दो तमंचा, चार कारतूस, दो खोखा, एक बाइक बरामद किया।
मुठभेड़ में घायल पशु तस्करों के खिलाफ पूर्व में भी पशु क्रूरता अधिनियम सहित गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज हैं। उधर, मुठभेड़ की जानकारी होते ही अपर पुलिस अधीक्षक का ऑपरेशन ओपी सिंह, क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन अनिल कुमार पांडेय ने घटनास्थल पर पहुंचकर जायजा लिया। सीएचसी पहुंचकर घायल पशु तस्करों से जानकारी ली। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने, पशु क्रूरता गो वध संरक्षण अधिनियम, आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। बरामद गोवंश ग्रामीणों की सुपुर्दगी में दे दिए गए हैं। एएसपी नक्सल ओपी सिंह ने बताया कि 25 हजार के इनामी पशु तस्कर समेत दो लोगों को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए लोगों में से एक श्याम बहादुर पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित है। इसके अलावा गैंगस्टर एक्ट, गो वध निवारण व पशु क्रूरता अधिनियम समेत कई थानों में संगीन अपराध के मुकदमे दर्ज हैं। जिसकी जांच कराई जा रही है। अनुज यादव पर भी गो वध निवारण अधिनियम व पशु क्रूरता के मुकदमे दर्ज हैं।