चेतगंज। चील्ह के पुरजागिर बाजार के पास बुधवार सुबह बाइक से गिरकर दो परीक्षार्थी कमल सिंह (21), जयदीप यादव (18) घायल हो गए। प्रयागराज के मेजा थाना अंतर्गत बरी सिरसा गांव निवासी कमल सिंह अपने साथी जयदीप के साथ बुधवार सुबह आठ बजे बाइक से पुलिस भर्ती परीक्षा देने पीली कोठी वाराणसी जा रहे थे। जैसे ही चील्ह के मिर्जापुर औराई मार्ग पर पुरजागीर बाजार के पास पहुंचे थे कि तेज रफ्तार होने से बाइक बेकाबू होकर सड़क पर गिर गई। इससे बाइक सवार दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को पुरजागीर बाजार स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां दोनों का उपचार चल रहा है। परीक्षार्थी कमल सिंह ने बताया कि उसका एडमिट कार्ड व मोबाइल दुर्घटना स्थल पर ही खो गया है।