थाना क्षेत्रों में दो दूकानों में आग लग जाने से लाखों रुपए मूल्य का सामान जलकर नष्ट हो गया। हालांकि मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। लेकिन तब तक सब कुछ स्वाहा हो चुका था। एक दूकान में शाट सर्किट से आग लगी जबकि दूसरी में थिनर से आग ने विकराल रूप धारण किया।
जिगना संवाददाता के अनुसार, क्षेत्र के नरोईया बाजार स्थित एक दूकान में सोमवार की भोर में आग लगने से लगभग डेढ़ लाख रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया। ग्रामीणों ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
चड़ैचा गांव निवासी जय प्रकाश की निरोईया बाजार में मेडिकल व जनरल स्टोर की दूकान है। रविवार की रात वह दूकान बंदकर घर चले गए। सोमवार की भोर करीब तीन बजे शार्ट सर्किट के चलते दूकान में आग लग गई। इससे दूकान में रखा सारा सामान जलने लगा।
दूकान से धुंआ निकलने पर आसपास के लोगों को जानकारी हुई तो उन्होंने दूकानदार को खबर की और आग बुझाने में जुट गए। दूकानदार ने बताया कि दूकान में रखी लकड़ी आलमारी, दवा, जनरल स्टोर का सामान आदि जल गया है।
बताया कि आग से करीब डेढ़ लाख रुपये का नुकसान हुआ है। दूकानदार ने नुकसान का आकलन करने के बाद इलाकाई पुलिस को तहरीर दे दी है।
नरायनपुर संवाददाता के अनुसार, अदलहाट थाना क्षेत्र के नरायनपुर मोटर बाजार के पास स्थित एक पेंट की दूकान में सोमवार को एक बालक द्वारा माचिस लगा देने से करीब दो लाख रुपये का पेंट जलकर नष्ट हो गया।
नरायनपुर निवासी श्रवण कुमार की नरायनपुर मोटर बाजार में टेंट की दूकान है। सोमवार की शाम वह ड्रम में रखे थिनर को निकालकर छोटे ड्रम में भर रहे थे।
इसी दौरान ड्रम का संतुलन बिगड़ गया और थिनर जमीन पर गिर गया। इसी बीच किसी बच्चे ने माचिस जला दी जिससे दूकान में आग लग गई। इससे इलाके में हड़कंप मच गया। धू धू कर जल रही दूकान की जानकारी होने पर बाजार के लोग पहुंचे और आग को बुझाया।
जबतक लोग आग बुझाते तबतक दो लाख रुपये की क्षति हो चुकी थी। इसी बीच किसी ने पुलिस को भी सूचना दे दी जिस पर इलाकाई पुलिस भी मौके पर पहुची।
तभ्ाी आग की सूचना किसी तरह दमकल को मिली लेकिन उसके पहुंचने से पहले ही आग पर लाेग काबू पा चुके थे।
दोनों दूकानों मे आग की सूचना पर क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म रहा। पुलिस को दोनों दूकानदारो ने तहरीर दे दी है।