चुनार। दीक्षितपुर गांव में रविवार की रात किसी ट्रेन की चपेट में आने से सड़क निर्माण में दो मजदूरों की मौत हो गई। मजदूरों को वापस न आने पर अन्य श्रमिक खोजने निकले तो रेलवे ट्रेक पर शव देखकर पुलिस और कंपनी के अधिकारियों को सूचना दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
डीबीएल कंपनी द्वारा दीक्षितपुर में रेलवे लाइन के पास सड़क निर्माण कार्य करा रही है। इसमें सैकड़ों मजदूर काम कर रहे है। निर्माण कार्य में सोनभद्र जिले के रामपुर बरकोनिया थाना गड़वान निवासी शंभू (30) व रामचंद्र (25) भी कार्य कर रहे थे। दोनों श्रमिक कार्य स्थल के पास ही रहते थे। रविवार की रात 10 बजे दोनों शौच करने के लिए रेलवे लाइन की ओर गए थे। इसी दौरान वह किसी ट्रेन की चपेट में आ गए और मौत हो गई। देर तक श्रमिकों के वापस न आने पर साथ काम कर रहे अन्य श्रमिकों को चिंता हुई तो वह उन्हें तलाशने के लिए निकले। इस दौरान रेलवे लाइन पर दोनों श्रमिकों का कटा शव पड़ा देख कर सूचना डीबीएल कंपनी के अधिकारियों को दी। अधिकारी ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।