मिर्जापुर। देहात कोतवाली और लालगंज थाना क्षेत्र में बुधवार की शाम और रात में सर्पदंश से एक बालिका समेत दो लोगों की मौत हो गई। देहात कोतवाली क्षेत्र के गोपालपुर गांव में सर्पदंश से युवक और लालगंज के जयकर खुर्द गांव में सर्पदंश से बालिका की मौत हो गई।
देहात कोतवाली क्षेत्र के गोपालपुर निवासी दीपचंद (27) पुत्र मिठाई लाल बुधवार को रात में घर में सोये थे। इस दौरान उन्हें सर्प ने डस लिया। सर्प के डसने पर दीपचंद ने शोर मचाया। परिजन ने नींद खुली। परिजन उन्हें उपचार के लिए अस्पताल लेकर गए। जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। दीपचंद मजदूरी करते थे। वे तीन भाइयों व चार बहनों में बड़े थे। उनसे एक पुत्री है। देहात कोतवाल शैलेश राय ने बताया कि सर्पदंश से युवक की मौत होने पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। दूसरी घटना लालगंज थाना क्षेत्र के जयकर खुर्द गांव की है। गांव निवासी नौ वर्षीय दीपा पुत्री गनेश कुमार बुधवार की शाम खेत में गई थी। वहां उसे सर्प ने डस लिया। परिजन उसे उपचार के लिए मंडलीय अस्पताल लेकर गए। जहां डाॅक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। लालगंज थानाध्यक्ष अजीत श्रीवास्तव ने बताया कि सर्पदंश से बालिका की मौत होने पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।