सीखड़/पटेहरा। मड़िहान और चुनार थाना क्षेत्र में मंगलवार की रात हुए सड़क हादसों में महिला समेत दो की मौत हो गई और तीन लोग घायल हो गए। चुनार कोतवाली क्षेत्र के बगहां गांव के पास दो ऑटो की टक्कर से महिला की मौत जान चली गई और दो लोग घायल हो गए। वहीं, मड़िहान के कंचनपुर में बिजली के खंभे से स्कार्पियो टकरा गई, जिससे एक युवक की मौत हो गई।
चुनार थाना क्षेत्र के पसियाहीं निवासी राजेश साहनी अपने परिवार व रिश्तेदार के साथ मंगलवार की शाम चील्ह थाना क्षेत्र के मिश्रधाप में अपने भांजे के लिए लड़की देखने के लिए गए थे। देर शाम वहां से वापस लौट रहे थे।रास्ते में चुनार घाट की ओर से आ रही आटो से बगहा के पास टक्कर हो गई। टक्कर के बाद दोनों ऑटो खाई में चली गयी। किसी तरह आटो में सवार सभी को चुनार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां मेला देवी (40) को चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। राजेश साहनी (44)व मुन्नी देवी (38) का उपचार चल रहा है। पुलिस की सूचना पर परिजन अस्पताल पहुंच गए। चुनार कोतवाल रविन्द्र भूषण मौर्य ने बताया कि हादसे में एक महिला की मौत हुई है।
संतनगर थाना क्षेत्र के रामपुर गांव निवासी बृजेश (28), सर्वेश यादव (30) व प्यारे (30) मिर्जापुर के एक व्यक्ति का ट्रक चलाते हैं। उनका स्कार्पियो लेकर घर आ रहे थे । कंचनपुर गांव के पास स्कार्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पोल से टकरा गई । घटना में बृजेश व सर्वेश गंभीर रूप से घायल हो गए । तीसरा साथी प्यारे वहां से चला गया। राहगीरों की सूचना दोनों घायलों को मड़िहान सीएचसी पहुंचाया गया। जहां बृजेश को मृत घोषित कर दिया गया। मड़िहान थानाध्यक्ष प्रदीप सिंह ने बताया कि हादसे में एक की मौत हुई है।