मिर्जापुर। मिशन शक्ति के तहत महिलाओं को जागरूक करने के साथ ही पुलिस ने बृहस्पतिवार को रेलवे स्टेशन पर भिक्षा मांगने वाले बच्चों को पकड़कर उनके परिजनों को बुलाया। इसके बाद बच्चों को चाइल्ड लाइन को सौंप दिया।
महिला थाना प्रभारी सीमा सिंह, प्रभारी डीसीआरबी अरुण कुमार यादव, प्रभारी एसजेपीयू अखिलेश पाठक ने चाइल्ड लाइन की टीम के साथ रेलवे स्टेशन व बस स्टैंड पर चेकिंग की। इस दौरान बस स्टैंड से दो नाबालिग बच्चियों को भिक्षा वृत्ति करते हुए पाया। उनको चाइल्ड लाइन को सुपुर्द किया गया। इसी तरह से थाना प्रभारी जिगना प्रणय प्रसून श्रीवास्तव ने नरोया बाजार, थाना जमालपुर एसआई रामायण तिवारी ने यूनिक कोचिंग सेंटर ग्राम सेमरा , थाना हलिया एसआई गंगा सागर सिंह ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय महुगढ़ में महिलाओं एवं बालिकाओं को मिशन शक्ति के अंतर्गत जागरूक किया। विभिन्न थाना क्षेत्रों में एंटी रोमियो टीम ने चेकिंग की। विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, वूमन पॉवर हेल्पलाइन 1090, चाइल्ड हेल्प लाइन 1098, पुलिस हेल्पलाइन 112, महिला हेल्पलाइन 181, आपातकालीन सेवा एंबुलेंस 108, गर्भवती महिला एंबुलेंस सेवा 102 के बारे में जानकारी दी गयी।